Monday, 28 Sep 2026

उपराष्ट्रपति ने जैसलमेर में तनोट माता मंदिर में दर्शन किये

जैसलमेर (14 जून 24)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और डॉ. सुदेश धनखड़ दो दिवसीय दौरे पर गुरूवार को राजस्थान के जैसलमेर पहुंचे। जैसलमेर एअरपोर्ट पर उनका स्वागत राजस्थान सरकार के मंत्री जोगाराम पटेल एवं अन्य गणमान्य जनों द्वारा किया गया। जैसलमेर से उपराष्ट्रपति महोदय हेलीकॉप्टर द्वारा तनोट माता के मंदिर में पहुंचे जहां सीमा सुरक्षा बल के जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जगदीप धनखड़ व डॉ. सुदेश धनखड़ ने तनोट माता के दर्शन कर पूजा अर्चना की और समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

दर्शन के उपरांत एक ट्वीट कर उपराष्ट्रपति जी ने कहा- 'जैसलमेर में लोंगेवाला के समीप तनोट माता मंदिर में दर्शन का सौभाग्य मिला। मां के श्री चरणों में शीश झुका कर धन्य हुआ। यह दिव्य मंदिर विषम परिस्थितियों में देश की रक्षा में तैनात जवानों की अटूट श्रद्धा का केंद्र है। तनोट माता से प्रार्थना है कि समस्त देशवासियों को सुख, समृद्धि और खुशहाली दें, सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें।' इसके पश्चात् उपराष्ट्रपति महोदय अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बावलियांवाला चौकी पहुंचे और वहां तैनात बीएसएफ के जवानों से मुलाकात की। कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों की प्रशंसा करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनके साहस और त्याग के कारण ही सभी देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!