Wednesday, 30 Sep 2026

उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान की यात्रा पर मोदी

नईदिल्ली (29 अगस्त 26)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार से शुरू हुई चार-दिवसीय विदेश यात्रा के पहले चरण में उज्बेकिस्तान पहुंचे, जहां वह द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत करेंगे। इसके बाद वह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यात्रा के पहले चरण में मोदी 29 से 30 अगस्त तक उज्बेकिस्तान का दौरा करेंगे, जहां वह विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श करेंगे।

मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्बेकिस्तान से किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे, जहां वह एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इस सम्मेलन में क्षेत्र में बदलती सुरक्षा स्थिति पर व्यापक रूप से विचार-विमर्श किए जाने की उम्मीद है। इसने कहा कि एससीओ सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी शिखर बैठक को संबोधित करेंगे, जहां वह सुरक्षा, संपर्क और अवसरों से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं को रेखांकित करेंगे। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ उन नेताओं में शामिल हैं, जिनके शिखर सम्मेलन में शामिल होने की संभावना है। इस वर्ष एससीओ की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ भी है। भारत वर्ष 2017 से संगठन का पूर्ण सदस्य है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, 'प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जहां वह इस मंच पर सुरक्षा, संपर्क और अवसरों से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं को रेखांकित करेंगे।' विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने प्रेस वार्ता में कहा कि एससीओ की स्थापना मुख्य रूप से आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद का मुकाबला करने के उद्देश्य से की गई थी, जो अब भी एक चुनौती बने हुए हैं। मोदी शिखर सम्मेलन से इतर एससीओ के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। ऐसी जानकारी है कि पुतिन उन नेताओं में शामिल होंगे, जिनके साथ प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन के दौरान अलग से द्विपक्षीय बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री छठे विश्व घुमंतू खेलों के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे, जो मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है। प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान यात्रा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना होगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!