Monday, 28 Sep 2026

ईरानी राष्ट्रपति रईसी के हेलिकॉप्टर की हार्ड लैंडिंग

तेहरान (19 मई 24)। ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को ले जा रहे एक हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में उतारा गया है। सरकारी टेलीविजन की खबर में रविवार को यह जानकारी दी गई है। खबर में हालांकि तत्काल विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। कुछ लोगों ने जनता से रईसी और हेलीकॉप्टर में सवार अन्य लोगों के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया है। रईसी ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत में यात्रा कर रहे थे।

सरकारी टीवी ने कहा कि यह घटना ईरान की राजधानी तेहरान से लगभग 600 किलोमीटर (375 मील) उत्तर-पश्चिम में अजरबैजान देश की सीमा पर स्थित जुल्फा शहर के निकट हुई। बाद में हालांकि टीवी ने बताया कि यह घटना उजी के निकट हुई है। सरकारी समाचार एजेंसी ‘आईआरएनए' की खबर के अनुसार, रईसी के साथ ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन, ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर और अन्य अधिकारी तथा अंगरक्षक भी यात्रा कर रहे थे। एक स्थानीय सरकारी अधिकारी ने घटना का वर्णन करने के लिए ‘दुर्घटना' शब्द का इस्तेमाल किया, लेकिन उन्होंने एक ईरानी समाचार पत्र के समक्ष स्वीकार किया कि वह अभी तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं। रईसी की स्थिति के बारे में न तो ‘आईआरएनए' और न ही सरकारी टीवी ने कोई जानकारी दी।

गृह मंत्री अहमद वाहिदी ने सरकारी टीवी से कहा, ‘राष्ट्रपति और उनके साथ कुछ लोग हेलीकॉप्टर से वापस जा रहे थे और खराब मौसम और कोहरे के कारण हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में उतारना पड़ा।' उन्होंने कहा, ‘विभिन्न बचाव दल क्षेत्र में जा रहे हैं, लेकिन खराब मौसम और कोहरे के कारण उन्हें हेलीकॉप्टर तक पहुंचने में समय लग सकता है।' उन्होंने कहा, ‘यह क्षेत्र थोड़ा ऊबड़-खाबड़ है और वहां पहुंचना कठिन है। हम बचाव टीमों के लैंडिंग स्थल पर पहुंचने और उनसे अधिक जानकारी प्राप्त होने का इंतजार कर रहे हैं।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!