Monday, 28 Sep 2026

ईमैक्स ग्लोबल अवार्ड ने विक्रमोत्सव को किया सम्मानित

उज्जैन (26 अगस्त 25)। सांस्कृतिक अभ्युदय के अंतर्गत संस्कृति विभाग के अंतर्गत प्रदेश में सम्पन्न सांस्कृतिक प्रकल्प सार्थक सिद्ध हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में विरासत के संरक्षण के साथ विकास के मंत्र पर कार्य हो रहा है। इस क्रम में महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के आयोजन विक्रमोत्सव: 2025 को 'ईमैक्स ग्लोबल अवार्ड' ने 'लांगस्टैंडिंग आईपी ऑफ द ईयर' से सम्मानित किया है। ईमैक्स की टीम भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को यह सम्मान प्रदान करेगी। इस वर्ष विक्रमोत्सव को मिलने वाला यह दूसरा अवार्ड है। 'वाउ अवार्ड एशिया 2025' ने भी एशिया के शासकीय समारोह की विशेष श्रेणी में विक्रमोत्सव को 'गोल्ड अवॉर्ड' दिया है। गत वर्ष विक्रमोत्सव : 2024 को एशिया का 'बिगेस्ट रिलीजियस अवार्ड' मिला था।

मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि विक्रमोत्सव: 2025 का 'ईमैक्स ग्लोबल अवार्ड' से सम्मानित होना संपूर्ण मध्यप्रदेश और भारतीय संस्कृति के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि उज्जैन की धरती पर आयोजित विक्रमोत्सव केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा, गौरव और मूल्यों को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का सेतु बन चुका है। विक्रम महोत्सव ने शास्त्र, कला, संगीत, नृत्य और साहित्य को आधुनिक समय से जोड़ा है, जिससे विश्वभर में भारतीय संस्कृति की गरिमा और प्रासंगिकता बढ़ी है। यह सम्मान मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सांस्कृतिक विरासत के प्रति समर्पण को समर्पित रहेगा, क्योंकि विक्रमोत्सव ने युवाओं को जड़ों से जोड़ने का कार्य किया है। विक्रमोत्सव ने विदेशी अतिथियों को भारतीय संस्कृति की गहराई से भी अवगत करवाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सांस्कृतिक विरासत के प्रति लगाव और विकास के पथ पर आगे बढ़ने की दृढ़ इच्छाशक्ति मध्यरप्रदेश को गौरवान्वित कर रही है। यह सम्मान केवल एक उत्सव का नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा का है। आने वाले वर्षों में विक्रमोत्सव को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद का सबसे बड़ा मंच बनाया जाएगा। यह उपलब्धि अपनी परंपराओं को आधुनिक तकनीक, शोध और नवाचार के साथ जोड़कर विश्व पटल पर भारत की सांस्कृतिक ध्वजा को और ऊंचा करने की प्रेरणा देती है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!