Monday, 28 Sep 2026

इलेक्ट्रिक वाहन जागरूकता रैली एवं ईवी एक्सपो

भोपाल (09 सितंबर 26)। विश्व ईवी दिवस के अवसर पर बुधवार को भोपाल में मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) द्वारा नगरीय विकास एवं आवास विभाग के सहयोग तथा 'सिटीज फोरम' के तकनीकी समन्वय से इलेक्ट्रिक वाहन जागरूकता रैली तथा ईवी एक्सपो का आयोजन हुआ। रैली का शुभारंभ गोविंदपुरा दशहरा मैदान से हुआ, जो नगर के प्रमुख व्यावसायिक एवं आवासीय मार्गों से होकर मैनिट परिसर पहुंची। रैली में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित करते हुए 50 से अधिक विविध इलेक्ट्रिक वाहनों ने सहभागिता की। इनमें दोपहिया वाहन, व्यक्तिगत कारें, ई-ऑटो, वाणिज्यिक ई-ऑटो, इलेक्ट्रिक पिकअप वाहन तथा पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक बसें सम्मिलित थीं। इस आयोजन का मूल ध्येय शून्य-उत्सर्जन परिवहन के लाभों से नागरिकों को परिचित कराना एवं नगरीय वायु गुणवत्ता में सुधार के लिये जन-सहभागिता को जागृत करना था।

अपर आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास अभिषेक सराफ ने कहा कि राज्य शासन 'मध्यप्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2025' के माध्यम से भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक सुदृढ़, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल मोबिलिटी इकोसिस्टम के निर्माण के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नीतिगत प्रोत्साहनों से न केवल स्वच्छ परिवहन को बल मिल रहा है, अपितु राज्य में औद्योगिक निवेश और नवीन संभावनाओं का भी विस्तार हो रहा है। इसी क्रम में भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं भोपाल नगर निगम अपर आयुक्त सुश्री अंजू अरुण कुमार ने नागरिक सहभागिता और नवाचार को नगरीय परिवहन की रीढ़ बताया। उन्होंने रेखांकित किया कि चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का व्यापक विस्तार और आधुनिक तकनीकों का अंगीकार नगरों को प्रदूषण-मुक्त बनाने तथा राष्ट्रीय जलवायु एवं पर्यावरण संरक्षण लक्ष्यों को पूर्ण करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। मैनिट परिसर में आयोजित ईवी एक्सपो में ऑटोमोबाइल क्षेत्र की प्रतिष्ठित निर्माण कंपनियों द्वारा अपनी नवीनतम इलेक्ट्रिक गाड़ियों, उन्नत तकनीकों एवं बैटरी समाधानों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। इस एक्सपो में महिंद्रा, टाटा मोटर्स, हुंडई, मारुति सुजुकी, किआ, बीवाईडी, एमजी मोटर, ओला इलेक्ट्रिक, एथर एनर्जी और सिंपल एनर्जी जैसी प्रमुख कंपनियों ने सहभागिता की। इस समन्वित आयोजन ने मैनिट भोपाल और नगरीय विकास एवं आवास विभाग की स्वच्छ, हरित एवं सतत नगरीय परिवहन व्यवस्था निर्मित करने की साझा संकल्पबद्धता को गरिमामय रूप से प्रदर्शित किया। पर्यावरण-अनुकूल, स्वच्छ एवं सतत् नगरीय परिवहन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा लागू की गई 'मध्यप्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2025' प्रदेश को ई-मोबिलिटी के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित कर रही है। इस दूरदर्शी नीति के अंतर्गत प्रदेश के पांच प्रमुख महानगरों- भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन को मॉडल ईवी शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!