। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े शहर इंदौर के इतिहास में पहली बार आज एक साथ चार फ्लाईओवर ब्रिज की सौगात शहर को मिलेगी। इस सौगात के मिल जाने से दीपावली के त्यौहार की बेला में 7 लाख वाहन चालकों के लिए सफर आसान हो जाएगा।
इंदौर शहर के विकास में मुख्य भूमिका का निर्वहन करते हुए इंदौर विकास प्राधिकरण के द्वारा फूटी कोठी चौराहा और भंवर कुवा चौराहा पर फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही खजराना चौराहा और लव कुश चौराहा पर फ्लाईओवर ब्रिज की एक-एक भुजा तैयार हो गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा कल सोमवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में इन फ्लाईओवर ब्रिज का लोकार्पण किया जाएगा। प्राधिकरण के द्वारा फूटी कोठी चौराहे पर आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में शाम को 6 बजे मुख्यमंत्री डॉ यादव पहुंचेंगे। इसके साथ ही इंदौर शहर के सभी जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे ।
इस कार्यक्रम के माध्यम से फूटी कोठी चौराहे पर निर्मित किए गए फ्लाईओवर ब्रिज का लोकार्पण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी का संबोधन भी होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ यादव के द्वारा पहले भंवर कुआ चौराहा, फिर खजराना चौराहा और फिर लव कुश चौराहा पर बनाए गए फ्लाईओवर ब्रिज का फीता काटकर शुभारंभ किया जाएगा।