गाजा (29 सितंबर 26)। इजराइल ने 7 अक्टूबर 2023 के हमले के दौरान नोआ अर्गामानी और अविनातन ओर के अपहरण में शामिल एक आतंकी को मार गिराने का दावा किया है। इजराइली सेना और शिन बेट के मुताबिक, साहेर निडाल लत्फी सक्र को मध्य गाजा के नुसैरात में हवाई हमले में निशाना बनाया गया। इजराइली पुलिस ने कार्रवाई का वीडियो भी जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार, सक्र ने 7 अक्टूबर के हमले में दोनों को मोटरसाइकिल से गाजा ले जाने में भूमिका निभाई थी और बाद में भी हमलों की योजना तथा हमास को हथियार पहुंचाने में सक्रिय था।
इजराइली पुलिस द्वारा जारी वीडियो में देखा जा सकता है, जिसमें लक्ष्य की निगरानी के बाद सटीक हवाई हमला होते दिखाई देता है। इजराइल रक्षा बलों और शिन बेट के अनुसार, साहेर निडाल लत्फी सक्र को मध्य गाजा के नुसैरात इलाके में संयुक्त अभियान के दौरान निशाना बनाया गया। इस अभियान में इजराइल पुलिस की लहाव 433 अपराध-रोधी इकाई की गिदोनिम यूनिट 33 भी शामिल थी। इजराइली अधिकारियों के मुताबिक सक्र का संबंध गाजा में सक्रिय वैश्विक जिहादी संगठनों से था और उसने युद्ध के दौरान हमास को हथियार उपलब्ध कराए थे।इजराइली सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सक्र केवल 7 अक्टूबर के हमले तक सीमित नहीं था। उनके अनुसार, हाल के महीनों में भी वह इजराइली सैनिकों और नागरिकों के खिलाफ हमलों की योजना आगे बढ़ाने में शामिल था तथा हमास और फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के सैन्य ढांचे से जुड़े लोगों के साथ काम कर रहा था।
इजराइल ने कहा कि इसी वजह से उसे तत्काल खतरे के रूप में देखते हुए हवाई हमले में निशाना बनाया गया। इन गतिविधियों संबंधी विवरण इजराइली सुरक्षा एजेंसियों के दावों पर आधारित हैं। बता दें कि 7 अक्टूबर 2023 को नोआ अर्गामानी और उनके साथी अविनातन ओर को नोवा संगीत समारोह से अगवा कर गाजा ले जाया गया था। अर्गामानी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाते हुए वीडियो उस हमले की सबसे चर्चित तस्वीरों में शामिल हो गया था। इजराइली सेना के अनुसार, सक्र वही व्यक्ति था जिसने उस मोटरसाइकिल को चलाया था। नोआ अर्गामानी को 8 जून 2024 को नुसैरात में इजराइली अभियान के दौरान तीन अन्य बंधकों के साथ मुक्त कराया गया था। इस अभियान को बाद में ‘ऑपरेशन अर्नोन’ नाम दिया गया। उनके साथी अविनातन ओर गाजा में दो साल से अधिक समय तक कैद रहे और 13 अक्टूबर 2025 को एक बंधक समझौते के तहत इजराइल लौटे।