तेहरान (15 जून 25)। जब शनिवार रात आसमान में ईरानी मिसाइलें इजराइल की ओर उड़ रही थीं, उसी वक्त लेबनान के कफार यासीन इलाके में एक रूफटॉप पार्टी चल रही थी। वहां मौजूद मेहमान चौंक गए जब उन्होंने देखा कि किस तरह मिसाइलें आकाश को चीरती हुई आगे बढ़ रही हैं। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उसी बीच एक सैक्सोफोन वादक लगातार धुन बजाता रहा और पार्टी का माहौल थमता नहीं दिखा। कफार यासीन बेरूत से महज़ 25 किलोमीटर दूर है, और यह दृश्य उस वक्त सामने आया जब मध्य पूर्व में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें मिसाइलों की चमक और सैक्सोफोन की संगीत ध्वनि एक साथ देखी और सुनी जा सकती है।
यह घटना उस समय हुई जब इजराइल और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। इजराइल ने शुक्रवार रात को ईरान के परमाणु, मिसाइल और सैन्य ठिकानों पर भीषण हमला किया था, जिसमें कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और वैज्ञानिक मारे गए। इसके जवाब में ईरान ने भी इजराइल पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए।इन हमलों में दोनों पक्षों को नुकसान पहुंचा है। रिपोर्टों के अनुसार, ईरान में दर्जनों नागरिकों और सैनिकों की मौत हुई , वहीं इजराइल में भी कम से कम तीन लोगों के मारे जाने की खबर है कई घायल भी हुए हैं। जहां एक ओर इजराइल, ईरान और पूरे मध्य पूर्व में भय का माहौल है, वहीं लेबनान जैसे पड़ोसी देश के कुछ इलाकों में सामान्य जनजीवन चलता नजर आ रहा है। हालांकि यह वीडियो यह दिखाता है कि किस तरह संगीत और उत्सव के बीच भी युद्ध का साया फैलता जा रहा है। मध्य पूर्व मामलों के जानकारों का मानना है कि यह संघर्ष अब सीधा क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है, जिसमें लेबनान, सीरिया और इराक जैसे देश भी घसीटे जा सकते हैं। हिज़्बुल्ला के साथ इजराइल की सीमा पर बढ़ता तनाव पहले ही खतरे की घंटी बजा चुका है।