इंदौर (17 जून 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों का आव्हान किया है कि वे समय की जरूरत को पहचान कर पानी के अपव्यय को रोके तथा जल का अधिक से अधिक संचय करें। पर्यावरण सुधार के लिये अधिक से अधिक वृक्षारोपण भी किया जाये। डॉ. यादव ने कहा कि गिरता हुआ भू-जल स्तर चिंता का विषय है। भू-जल स्तर में वृद्धि के लिये सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। समय की जरूरत को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
डॉ. यादव इंदौर शहर के भंवरासला में स्थित एक अनुपयोगी तालाब को उपयोगी बनाने, उसकी जल क्षमता बढ़ाने तथा उसके सौंदर्यीकरण के लिये आयोजित श्रमदान कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ श्रमदान किया। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिला पंचायत की अध्यक्ष रीना मालवीय, विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, गोलू शुक्ला तथा मधु वर्मा, गौरव रणदिवे, चिंटू वर्मा, एमआईसी मेम्बर अभिषेक शर्मा, मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी विशेष रूप से मौजूद थे।