Tuesday, 29 Sep 2026

इंदौर मैराथन के दौरान युवक की आकस्मिक मौत

इंदौर (02 फरवरी 26)। इंदौर में रविवार सुबह आयोजित मैराथन के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। 21 किलोमीटर की दौड़ में शामिल एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन तोदी (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कोलकाता का निवासी था। आर्यन ने मैराथन के लिए विधिवत रजिस्ट्रेशन कराया था और दौड़ में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आर्यन मैराथन पूरी करने के बेहद करीब था। नेहरू स्टेडियम स्थित फिनिश लाइन से करीब 100 मीटर पहले वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। उस समय अधिकांश धावक दौड़ पूरी कर चुके थे। आसपास मौजूद अन्य रनर्स ने तुरंत उसे उठाने और मदद पहुंचाने की कोशिश की। इसी दौरान पीछे चल रहे कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि आर्यन की धड़कन बंद हो चुकी थी। डॉ. रावत ने तत्काल सीपीआर दिया और एम्बुलेंस की मदद से उसे एमवाय अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

डॉ. रावत ने बताया कि आर्यन का परिवार वर्तमान में कोलकाता में रहता है, जबकि उसका मूल निवास नेपाल है। आर्यन इंदौर में अपने चचेरे भाई के साथ रह रहा था। उसकी मौत की सूचना कोलकाता और नेपाल में रह रहे परिजनों को दे दी गई है। आर्यन पहले भी कई मैराथन में भाग ले चुका था और इंदौर में फैक्ट्री शुरू करने की तैयारी कर रहा था। डॉ. रावत ने बताया कि मैराथन के दौरान या दौड़ पूरी होने के बाद फिनिश लाइन के आसपास कार्डियक अरेस्ट की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिनका कारण अत्यधिक शारीरिक दबाव माना जाता है। 


Tags:

Follow us

This question is not available..!