इंदौर (12 अक्टूबर 26)। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने सिक्का जीतकर भारत को बल्लेबाजी का निमंत्रण देकर बड़ी गल्ती की,जिसकी कीमत उन्हें हारकर चूकानी पड़ी। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक के बाद अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 14 रन से हराकर पांच मैच की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली। होलकर स्टेडियम में टी20 में भारत की यह चाैथी जीत है। लगभग 26,000 दर्शकों की मौजूदगी में यह रोमांचक मुकाबला खेला गया,जिसमें
भारत के 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम शिमरोन हेटमायर (43 रन, 26 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और कामिल पूरन (42 रन, 27 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की उम्दा पारियों के बावजूद सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। शमार स्प्रिंगर (11 गेंद में नाबाद 35, चार छक्के, दो चौके) ने अंत में तूफानी पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की ओर से अर्शदीप ने 44 रन पर तीन जबकि नमन धीर ने 39 रन पर दो विकेट चटकाए। वेस्टइंडीज के मौजूदा भारत दौरे पर यह पहला मौका है जब कोई टीम लक्ष्य का बचाव करने में सफल रही है। अभिषेक की 30 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से 69 रन की पारी के बावजूद भारतीय टीम पारी की अंतिम गेंद पर 223 रन पर सिमट गई।
अभिषेक ने इशान किशन (37 रन, 18 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़कर भारत को ठोस मंच प्रदान किया लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और उम्मीद के मुताबिक रन नहीं जुटा सकी। वेस्टइंडीज की तरफ से ऑफ स्पिनर रोस्टन चेस सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए। तेज गेंदबाज शमार स्प्रिंगर और शमार जोसेफ ने भी दो-दो विकेट चटकाए लेकिन क्रमश: 50 और 54 रन लुटाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे वेस्टइंडीज ने दूसरे ओवर में ही बेहतरीन फॉर्म में चल रहे कप्तान शाई होप (05) का विकेट गंवा दिया जिन्हें अर्शदीप सिंह ने बोल्ड किया। हेटमायर पांच रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब मयंक यादव की गेंद पर अभिषेक ने स्लिप में उनका आसान कैच टपका दिया जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने अर्शदीप की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे। वेस्टइंडीज ने पावर प्ले में एक विकेट पर 54 रन बनाए। हेटमायर (43) ने नमन धीर का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया लेकिन इस ऑफ स्पिनर ने अगली गेंद पर उन्हें बोल्ड कर दिया। खराब फॉर्म में चल रहे रोवमैन पावेल (05) भी इसके बाद अक्षर पटेल की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में किशन को आसान कैच दे बैठे। पूरन ने 11वें ओवर में नमन पर तीन छक्कों के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया लेकिन अंतिम गेंद पर एक बार फिर गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाने की कोशिश में बाउंड्री पर अर्शदीप को कैच दे बैठै। शेरफेन रदरफोर्ड (32) और क्वेंटिन सैम्पसन ने 15वें ओवर में मयंक यादव पर छक्के जड़कर टीम का स्कोर चार विकेट पर 149 रन तक पहुंचाया। वेस्टइंडीज को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 75 रन की दरकार थी। नितीश कुमार रेड्डी ने सैम्पसन (21) को लॉन्ग ऑफ पर कैच कराके वेस्टइंडीज को पांचवा झटका दिया जबकि अर्शदीप ने कीमो पॉल (10) और रदरफोर्ड (32) को पवेलियन भेजकर भारत का पलड़ा भारी किया। वेस्टइंडीज को अंतिम दो ओवर में 48 रन की जरूरत थी और प्रिंस ने अगले ओवर में 11 रन देकर भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। अक्षर के अंतिम ओवर में स्प्रिंगर ने तीन छक्के और एक चौका मारा लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाए। होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और जोसेफ ने दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन (03) को पूरन के हाथों कैच करा दिया।