Wednesday, 30 Sep 2026

आयुष्मान योजना आम आदमी के लिये वरदान: राज्य मंत्री पटेल

भोपाल (30 सितंबर 24)। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा है कि आयुष्मान भारत योजना 'निरामयम' आम आदमी के लिए वरदान साबित हो रही है। अब आम नागरिक भी उच्च स्तरीय आधुनिक चिकित्सा सेवाएं प्राप्त कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहज रूप से आम नागरिक आयुष्मान योजना का लाभ उठा सकें, इसके लिए उन्हें सही जानकारी की आवश्यकता है। यह ज़रूरी है कि आम नागरिक को उसकी चिकित्सकीय समस्या अनुसार उचित एम्पैनल्ड हॉस्पिटल की जानकारी सहजता से मिले, ताकि वे आसानी से योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। राज्य मंत्री पटेल ने प्रशासनिक अकादमी भोपाल में आयुष्मान योजना उन्मुखीकरण कार्यशाला का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। राज्यमंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गौरवशाली नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सशक्त निर्देशन में स्वास्थ्य क्षेत्र में सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है, जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन में स्वास्थ्य विभाग के अमले की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य के विभिन्न मानकों में शीर्ष पर ले जाने के लिए पूर्ण मनोयोग से प्रयास करें। कार्यशाला में 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों को योजना में शामिल करने और लाभ, एबीडीएम, आयुष्मान योजना के बेहतर क्रियान्वयन विषय सहित बेनिफिशियरी फैसिलिटेशन एजेंसी, इम्प्लीमेंटेशन सपोर्ट एजेंसी द्वारा प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की जाएगी। 


Tags:

Follow us

This question is not available..!