Monday, 28 Sep 2026

आप-कांग्रेस के बीच कोऑर्डिनेशन कमिटी की बैठक

नईदिल्ली (01 मई 24)। लोकसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कोऑर्डिनेशन कमिटी की अहम बैठक हुई। मंगलवार को हुई इस बैठक में दोनों पार्टियों के बीच आगे की चुनाव प्रचार की रणनीति को लेकर चर्चा हुई। कोऑर्डिनेशन कमिटी की इस बैठक में आम आदमी पार्टी की तरफ से राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक, एमसीडी प्रभारी एवं विधायक दुर्गेश पाठक और प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक राजेश गुप्ता शामिल हुए। पार्टी ने कोआर्डिनेशन की जिम्मेदारी दुर्गेश पाठक को सौंपी है। कांग्रेस की तरफ से इस बैठक में दिल्ली कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया और दिल्ली कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष देवेंद्र यादव समेत दिल्ली और हरियाणा कांग्रेस के कई शीर्ष नेता मौजूद रहे।

कोऑर्डिनेशन कमिटी की बैठक पर राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच पहले भी कई बैठक हो चुकी हैं, मंगलवार को हमारे बीच फिर से बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस की तरफ से दिल्ली और हरियाणा का शीर्ष नेतृत्व शामिल हुआ। आम आदमी पार्टी ने कोऑर्डिनेशन की जिम्मेदारी एमसीडी प्रभारी और विधायक दुर्गेश पाठक को सौंपी है। दुर्गेश पाठक आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कोआर्डिनेशन का काम करेंगे। हमने निचले स्तर पर चुनाव प्रचार कोऑर्डिनेशन को शुरू करने के लिए बैठक की। हमने एक दूसरे के प्रति प्रतिबद्धता जाहिर की। हमने एक सिस्टम बनाया है जिसमें हम एक-दूसरे के लिए चुनाव प्रचार करने में सहयोग करेंगे और मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इसको पहले लोकसभा स्तर पर लागू करेंगे। उसके बाद विधानसभा स्तर पर कोऑर्डिनेशन किया जाएगा। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!