गोवा (17 जून 25)। गोवा शिपयार्ड लिमिटेड ने भारतीय तटरक्षक बल के लिए बनाए जा रहे आठ फास्ट पेट्रोल जहाजों में से एक जहाज ‘अचल’ को सफलतापूर्वक समुद्र में उतार दिया है। यह लॉन्चिंग वैदिक मंत्रों के साथ कविता हरबोला द्वारा की गई। इस मौके पर तटरक्षक बल के अतिरिक्त महानिदेशक अनिल कुमार हरबोला और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
क्या है इस जहाज की खासियत?- 'अचल' भारत में ही डिज़ाइन और तैयार किया गया है। इसमें 60% से ज़्यादा सामान भारत में बना है, जिससे यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक अहम कदम है। इस जहाज की लंबाई 52 मीटर है और यह 27 नॉट्स (लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे) की रफ्तार से चल सकता है। यह जहाज समुद्री निगरानी, सुरक्षा और गश्त जैसे कामों में तटरक्षक बल की मदद करेगा। इस प्रोजेक्ट से स्थानीय उद्योगों, छोटे व्यवसायों और मजदूरों को रोजगार भी मिला है। इस जहाज को बनाने का अनुबंध 2022 में हुआ था। GSL कुल 8 फास्ट पेट्रोल जहाज बना रहा है, जिनमें से यह पहला है जो अब समुद्र में उतार दिया गया है।