नईदिल्ली (17 मई 24)। अर्थी पर बैठकर कलक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल करने गए गोरखपुर लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी राजन यादव उर्फ अर्थी बाबा का पर्चा रद्द कर दिया गया है। 'अर्थी बाबा' के नाम से मशहूर यादव ने कहा कि वह निर्वाचन आयोग के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर अर्थी पर बैठकर प्रदर्शन करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्णा करुणेश की निगरानी में हुई जांच के दौरान यादव सहित 19 नामांकन पत्र विभिन्न खामियों के चलते रद्द कर दिए गए। इस बारे में यादव ने कहा कि उन्हें अभी तक नामांकन रद्द होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, मगर बुधवार शाम कुछ मीडिया कर्मियों ने उन्हें इसकी जानकारी दी थी।
मिली जानकारी के मुताबिक, अर्थी बाबा ने गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि 14 मई को नामांकन दाखिल करते समय मैंने वहां मौजूद अधिकारियों से नियमों के बारे में पूछा और उन्होंने कहा कि सभी कॉलम ठीक से भर जाने चाहिए। मैंने उनके निर्देशों का पालन किया, फिर भी मेरा नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया। उन्होंने मांग की कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जाना चाहिए क्योंकि वर्तमान प्रक्रिया बहुत कठिन है। अर्थी बाबा ने अपना पर्चा रद्द किये जाने के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर अर्थी पर बैठकर प्रदर्शन करने की घोषणा की।