Thursday, 01 Oct 2026

अमेरिका की भारतीय छात्रों को सख्त चेतावनी

वाशिंगटन (08 जनवरी 26)। भारत और अमेरिका के रिश्तों में बीते कुछ महीनों से तनाव के संकेतों के बीच अमेरिका ने वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों को सख्त चेतावनी जारी की है। भारत में स्थित अमेरिकी दूतावास ने साफ कहा है कि अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन करने पर स्टूडेंट वीजा रद्द किया जा सकता है और छात्र को देश से भी निकाला जा सकता है। अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'अगर आप अमेरिकी कानून तोड़ते हैं या गिरफ्तार होते हैं, तो आपके स्टूडेंट वीजा के लिए गंभीर परिणाम हो सकते हैं। आपका वीजा रद्द किया जा सकता है, आपको देश से निष्कासित किया जा सकता है और भविष्य में अमेरिकी वीजा के लिए अयोग्य ठहराया जा सकता है। नियमों का पालन करें। अमेरिकी वीजा अधिकार नहीं, बल्कि एक सुविधा है।'

दूतावास समय-समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह की चेतावनियां जारी करता रहा है। हाल ही में उसने भारत से अमेरिका जाने वाले अवैध अप्रवासियों को भी कड़ा सार्वजनिक संदेश दिया था, जिसमें कहा गया था कि इमिग्रेशन कानूनों के उल्लंघन पर कड़ी आपराधिक सजा हो सकती है।यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में इमिग्रेशन नीतियों को लेकर सख्ती लगातार बढ़ी है। ट्रंप प्रशासन ने साफ किया है कि वह गैर-कानूनी इमिग्रेशन को खत्म करने और अमेरिकी सीमाओं व नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वीजा नियमों में सख्ती का असर भी दिख रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल अमेरिका में नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के नामांकन में 17% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, H-1B वीजा के लिए आवेदन करने वाले कुशल विदेशी कर्मचारियों को अभूतपूर्व लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!