जम्मू (24 जुलाई 24)। 'बम बम भोले', हर-हर महादेव' के जयकारों के साथ श्री अमरनाथ की यात्रा जारी है। हजारों की तादाद में प्रतिदिन भक्त पवित्र गुफा के दर्शन कर अपने घरों की ओर लौट चुके हैं। अमरनाथ यात्रा पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तैयार है, क्योंकि अब तक 4.17 लाख तीर्थयात्री गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है।
तीर्थयात्रा में लगभग एक महीना शेष रह गया है, इसलिए अधिकारियों को तीर्थयात्रियों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद है। पिछले साल 4.5 लाख तीर्थयात्रियों ने पवित्र मंदिर का दौरा किया था और 2022 में यह आंकड़ा 3.65 लाख था। 52 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 29 जून को अनंतनाग जिले के नुनवान-पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले के बालटाल मार्ग से शुरू हुई थी। यात्रा 19 अगस्त को समाप्त होगी। तीर्थयात्री 3,888 मीटर (12,756 फीट) की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर में पूजा करते हैं, जहां प्राकृतिक रूप से निर्मित बर्फ का शिवलिंग स्थित है।
बुधवार को तीर्थयात्रियों के नए जत्थे अभूतपूर्व सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के बीच धार्मिक भजन गाते हुए बालटाल और नुनवान पहलगाम के दोहरे मार्गों से आगे बढ़े। अधिकारियों ने बताया कि यात्रा सुचारु रूप से चल रही है। प्राधिकारियों ने दोनों यात्रा मार्गों पर तीर्थयात्रियों के लिए आवास, स्वास्थ्य, भोजन, पानी और अन्य आवश्यक दैनिक आवश्यकताओं सहित विस्तृत व्यवस्था की है।