नईदिल्ली (05 जून 24)। केरल की वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव जीतने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने अभी तक यह निर्णय नहीं लिया है कि वह लोकसभा में किस सीट का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह पूछे जाने पर कि वह लोकसभा में किस सीट का प्रतिनिधित्व करेंगे, गांधी ने कहा, 'मैंने दोनों सीट से जीत हासिल की है और मैं रायबरेली एवं वायनाड के मतदाताओं को तहे दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं। अब मुझे तय करना है कि मैं किस सीट का प्रतिनिधित्व करूंगा। मैं (इस बारे में) चर्चा करूंगा और फिर फैसला करूंगा। मैं दोनों सीट का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता, लेकिन मैंने अभी तक फैसला नहीं किया है।'
राहुल ने बाद में सोशल मीडया मंच 'एक्स' पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए उन्हें मिले "भारी समर्थन'' के लिए वायनाड और रायबरेली के लोगों को फिर से धन्यवाद दिया। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'मुझसे पूछा जा रहा है कि क्या मैं वायनाड से सांसद रहूंगा या रायबरेली से। मैं दोनों जगहों से सांसद रहना चाहता हूं। आप सभी को बधाई।' गांधी ने वायनाड सीट पर 3.6 लाख से अधिक मतों के अंतर से और रायबरेली सीट पर 3.9 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की।