भोपाल (28 जुलाई 24)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि सफल प्रतिभागी अपनी योग्यता का जनहित और देशहित में उपयोग करें। सिविल सेवा, ग़रीब, वंचित और जरूरतमंदों की सेवा का अवसर है। दूसरों की सेवा करना ही जीवन की सार्थकता है। पटेल संकल्प संस्थान के प्रशासनिक सेवा में सफल प्रतिभागियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रतिभागियों, उनके परिजनों और संस्थान को बधाई दी और प्रतिभागियों का मंच सम्मान भी किया। सम्मान समारोह में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद थे। राज्यपाल पटेल ने कहा कि सिविल सेवा में चयनित सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को ज़रूरतमंदों तक पहुँचाए।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि सफल प्रतिभागियों ने अपने परिवार और संस्थान का गौरव बढ़ाया है। यह उनके, परिजनों और संस्थान के लिए गौरव का दिवस है। उन्होंने कहा कि सफल होने के बाद अपने परिजनों को नहीं भूले। उनका हमेशा सम्मान करें और उनके प्रति कृतज्ञता का भाव रखें। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि सिविल सेवा ज़मीन पर काम करने का सुअवसर है। सफल प्रतिभागी अपनी कार्यप्रणाली में भारत के दर्शन, विरासत और सामाजिक मूल्यों का समावेश ज़रूर करें। संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहें।
कार्यक्रम में राज्यपाल पटेल का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। समारोह में स्वागत भाषण संकल्प के संस्थापक संतोष तनेजा ने दिया। आभार सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बी.आर. नायडू ने व्यक्त किया। सम्मान समारोह में संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में चयनित आकाश अग्रवाल और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा की टॉपर अंकिता पाटकर ने अपने चयन में संकल्प संस्थान की भूमिका की जानकारी दी।
सम्मान समारोह में पूर्व अध्यक्ष मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग अशोक पाण्डेय, राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, भोपाल संभाग के आयुक्त डॉ. पवन शर्मा, पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र, कलेक्टर भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह, सफल प्रतिभागी, उनके परिजन और सिविल सेवा की तैयारी कर रहे प्रतिभागी शामिल थे।