भोपाल (13 फरवरी 25)। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरूवार को भोपाल स्थित आईकफ आश्रम, शाहपुरा में आयोजित 'अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम 2024-25' के समापन अवसर पर हिमाचल प्रदेश से आए युवा प्रतिभागियों से संवाद किया और उनके अनुभव जाने। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि भारत विविधताओं से संपन्न देश है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी विशेषता "अनेकता में एकता" है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से अन्य राज्य के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं, भाषा और जीवनशैली को समझने का अवसर मिला है, जिससे राष्ट्रीय एकता और सद्भाव को मजबूती मिलेगी। मंत्री सारंग ने सभी प्रतिभागियों को अपने अनुभवों को अपने राज्य में साझा करने और राष्ट्रीय एकता के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विधायक अमरसिंह यादव, नेहरू युवा केन्द्र के राज्य निदेशक राकेश सिंह तोमर और भोपाल की जिला युवा अधिकारी निक्की राठौर भी उपस्थित थीं। पांच दिवसीय अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के नाह (सिरमौर), धर्मशाला (कांगड़ा), ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों से आए 25 युवा प्रतिभागी एवं 2 एस्कॉर्ट ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भीमबेटका, बिरला मंदिर, शौर्य स्मारक, आदिवासी संग्रहालय और भोपाल के तालाबों का भ्रमण कर मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को समीप से जाना।