नईदिल्ली (15 मई 24)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि अगर लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट दी तो उन्हें जेल जाना होगा। केजरीवाल ने लोगों से विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया' के उम्मीदवार को वोट देने का आग्रह किया। ‘इंडिया' गठजोड़ के तहत ‘आप' और कांग्रेस दिल्ली में लोकसभा चुनाव मिल कर लड़ रही हैं।
चांदनी चौक लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जेपी अग्रवाल के पक्ष में मॉडल टाउन इलाके में रोड शो करते हुए केजरीवाल ने यह नारा भी दिया कि ‘जो करे केजरीवाल को प्यार वो करे मोदी को इनकार।' केजरीवाल ने कहा, 'मैं जेल से सीधे आपके बीच आया हूं। इन लोगों (भाजपा) ने मुझे सलाखों के पीछे डाल दिया और मुझे आपकी बहुत याद आई। मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं। मैं जानता हूं कि आप भी मुझसे बहुत प्यार करते हैं। मैं एक छोटा आदमी हूं। हमारी पार्टी छोटी है जिसकी दिल्ली और पंजाब में सरकारें हैं।'
उन्होंने कहा, 'मैं सोच रहा था कि मुझे जेल में क्यों डाला गया। मेरा दोष क्या है? ये लोग काफी शक्तिशाली हैं।' मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका "दोष" बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करना, उनके लिए अच्छे स्कूल बनाना, मोहल्ला क्लिनिक खोलना और लोगों के लिए मुफ्त दवाओं की व्यवस्था करना है। ‘आप' के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, 'अब वे कह रहे हैं कि मुझे फिर से जेल जाना होगा। यह आपके हाथ में है कि मैं जेल जाऊं या नहीं। यदि आप ‘कमल' (भाजपा का चिन्ह) चुनते हैं, तो मुझे वापस जेल जाना होगा। यदि आप ‘इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवार को चुनते हैं, मुझे जेल नहीं जाना पड़ेगा।'