नईदिल्ली (22 मई 24)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) के संरक्षण और सांस्कृतिक अभिलेखागार विभाग ने अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 2024 के अवसर पर उमंग सभागार में ‘संग्रहालय और अभिलेखागार: शिक्षा के लिये एक सार्वजनिक स्थान’ विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया। संगोष्ठी की अध्यक्षता आईजीएनसीए, डीन (प्रशासन) और कला निधि विभाग प्रमुख प्रो. रमेश चंद्र गौड़ ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य आईजीएनसीए सांस्कृतिक अभिलेखागार के प्रति जागरूकता पैदा करना और अधिक आगंतुकों को आकर्षित करना है, जिससे छात्रों, कलाकारों और शोधकर्ताओं को लाभ होगा। संगोष्ठी में भाग लेने वाले प्रतिष्ठित वक्ताओं में एयूडी, दिल्ली में डिप्टी डीन (अकादमिक) डा. आनंद बुर्धन, अभिलेखविद् डॉ. के संजय झा, और आईजीएनसीए, मीडिया केन्द्र की उप-नियंत्रक सुश्री श्रुती नागपाल और आईजीएनसीए, सहायक प्रोफेसर, डा. वीरेन्द्र बांगरू शामिल थे। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस (आईएमडी) का उद्देश्य सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सांस्कृतिक समृद्धि और आपसी समझ, सहयोग और शांति को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण साधन के तौर पर संग्रहालयों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।