इटावा (05 मई 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर सिर्फ अपने और अपने बच्चों के भविष्य के लिए चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि 'शाही परिवार' का वारिस ही प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बनेगा, यह कुप्रथा 'चाय वाले' ने तोड़ दी है। प्रधानमंत्री ने सपा के गढ़ माने जाने वाले इटावा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'मोदी भारत के लिए आने वाले पांच साल ही नहीं बल्कि 25 सालों का रास्ता बना रहा है। मोदी यह सब क्यों कर रहा है क्योंकि मोदी रहे ना रहे देश हमेशा रहेगा।'
मोदी ने कहा, 'यह सपा कांग्रेस वाले क्या कर रहे हैं? यह अपने भविष्य के लिए, अपने बच्चों के भविष्य के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।' उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'इन परिवारवादियों की विरासत क्या है.... गाड़ी, बंगला, राजनीतिक रसूख। कोई मैनपुरी, कन्नौज और इटावा को अपनी जागीर मानता है तो कोई अमेठी और रायबरेली को अपनी जागीर मानता है।' प्रधानमंत्री ने कहा, 'लेकिन मोदी की विरासत गरीब का पक्का घर है, देश की करोड़ों माताओं-बहनों को मिला शौचालय है, दलितों-पिछड़ों को मिली बिजली, गैस और नल (से पानी) जैसी सुविधा है।' उन्होंने कहा, 'मोदी किसके लिए खप रहा है? मैंने तो अपने आगे पीछे कुछ रखा ही नहीं। योगी जी (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) भी वैसे ही हैं। हमारे तो बच्चे हैं नहीं। हम आपके बच्चों का भविष्य बनाने के लिए खप रहे हैं।'