नईदिल्ली (12 अक्टूबर 26)। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कथित 'वोट चोरी' के मुद्दे पर ज्ञापन (representation) सौंपने के लिए INDIA गठबंधन के नेताओं द्वारा की गई बैठक की मांग को खारिज कर दिया है। सीजेआई ने विपक्षी नेताओं को ईमेल के जरिए भेजे अपने जवाब में मुलाकात का अनुरोध अस्वीकार करने के कारणों को स्पष्ट किया है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कथित चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सीजेआई को ज्ञापन सौंपने के लिए सोमवार शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच मिलने का समय मांगा था। इससे पहले राहुल गांधी ने घोषणा की थी कि विपक्षी दल, नागरिक समाज के समूह और युवा मिलकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालेंगे। इस प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक लगाने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की जानी थी।