Tuesday, 06 Oct 2026

'राहुल नेता प्रतिपक्ष बनने के लायक नहीं': भाजपा

नईदिल्ली (19 दिसंबर 24)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संसद भवन परिसर में सत्ता पक्ष के विरोध प्रदर्शन में जानबूझकर पहुंचने और धक्कामुक्की के साथ-साथ ‘गुंडागर्दी' करने का आरोप लगाया और कहा कि उनके जैसा व्यक्ति नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहने के लायक नहीं है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज संसद परिसर में अशोभनीय और गुंडागर्दी से भरा व्यवहार किया गया, जिसकी सभ्य समाज कल्पना भी नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा, ‘आज जब भाजपा के सांसद मकर द्वार पर विरोध प्रकट कर रहे थे, तब राहुल आए। सुरक्षाकर्मियों ने उनसे कहा कि बगल में जो जगह है, आप जाने के लिए उसका उपयोग करें। लेकिन जानबूझकर, सोच समझकर राहुल गांधी हमारे सांसदों के बीच पहुंच गए और न केवल बीच में पहुंचे बल्कि धक्कामुक्की और गुंडागर्दी की।' उन्होंने कहा, ‘ऐसा व्यक्ति नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहने के लायक नहीं है।' चौहान ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के व्यवहार के कारण ‘हमारे बुजुर्ग, गरीब और शालीन' सांसद प्रताप सारंगी गिर गए और गिरने के कारण उनके माथे पर गंभीर चोट लगी है। उन्होंने कहा, ‘वो पहले आईसीयू में भर्ती रहे और उनका इलाज अभी जारी है।' मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दूसरे घायल भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को जब देखने अस्पताल गए तो उस समय तक वह होश में नहीं आए थे। उन्होंने सवाल किया, ‘क्या संसद में ऐसे दृश्य देखे जाएंगे, क्या तर्कों का सहारा लेने की बजाय शारीरिक ताकत का प्रयोग किया जाएगा?'

Tags:

Follow us

This question is not available..!