बरेली (02 अप्रैल 24)। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी के 'शहजादे' राहुल गांधी ने चुनाव अभियान की शुरुआत 'भारत जोड़ो यात्रा' से की थी मगर इसका समापन अगली चार जून को 'कांग्रेस ढूंढो यात्रा' से होगा। शाह ने बरेली से भाजपा उम्मीदवार छत्रपाल गंगवार के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा, 'हमारे सामने यह घमंडिया गठबंधन ‘इंडी' चुनाव लड़ रहा है। इनके शहजादे राहुल बाबा ने चुनाव की शुरुआत ‘भारत जोड़ो' यात्रा से की थी। मगर मैं आज बरेली में कहकर जा रहा हूं कि शुरुआत ‘भारत जोड़ो' यात्रा से की गई थी मगर चार जून के बाद ‘कांग्रेस ढूंढो' यात्रा से इसका समापन होने वाला है।'
उन्होंने दावा किया, 'दो चरण के चुनाव में कांग्रेस दूरबीन से भी नजर में नहीं आ रही है और नरेन्द्र मोदी सेंचुरी मारकर 400 की दौड़ में बहुत आगे निकल गए हैं।' शाह ने कहा, 'यह चुनाव नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। यह चुनाव हमारे देश के अर्थ तंत्र को संसार का तीसरे नंबर का अर्थ तंत्र बनाने का चुनाव है। यह चुनाव तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का चुनाव है। यह चुनाव आतंकवाद और नक्सलवाद को समाप्त करने का चुनाव है।' गृह मंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए इस मुद्दे पर भी कांग्रेस की आलोचना की।