Tuesday, 29 Sep 2026

'दिल्ली के सिंहासन पर रामभक्त ही राज करेगा': योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर (29 मई 24)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) को रामद्रोही बताते हुए कहा है कि लोकसभा चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच है। उन्होंने पीपीगंज में गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी रवि किशन शुक्ल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ भगवान राम को नकारने वाले, रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले, राम मंदिर को बेकार बताने वाले लोग हैं तो दूसरी तरह पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त कराकर प्रभु रामलला को उनके भव्य मंदिर में विराजमान कराने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर पूरे भारत की सनातन आस्था का प्रतीक है इसलिए आज पूरे देश मे एक ही स्वर सुनाई पड़ रहा है, "दिल्ली के सिंहासन पर रामभक्त ही राज करेगा।

योगी ने कहा कि तुष्टिकरण की राह पर चलने वाली कांग्रेस और सपा को देश की जनता वहां पहुंचा देगी, जहां उनका कोई नामलेवा नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में वह प्रचार के लिए देश मे जहां भी गए, हर जगह लोग मोदी जी को भरपूर समर्थन देते मिले। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र से एक ही आवाज गूंज रही है कि 'जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे।' योगी ने कहा कि जो राम मंदिर पूरे भारतवर्ष के लोगों के लिए गौरव है, उसे लेकर कांग्रेस कहती है कि यह मंदिर नहीं बनना चाहिए था , जबकि समाजवादी पार्टी कहती है कि राम मंदिर बेकार बना है, इन बयानों से दुनिया में गलत संदेश गया है। योगी ने इन बयानों के लिए कांग्रेस-सपा पर प्रहार करते हुए कहा राम मंदिर तो ठीक बना है लेकिन राम मंदिर को बेकार बताने वाले लोगों की बुद्धि में भूसा भर गया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!