देवरिया (14 अगस्त 26)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला प्रशासन द्वारा आयोजित 'तिरंगा यात्रा' के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। रैली के दौरान कड़ाके की धूप और भीषण गर्मी के कारण 40 से अधिक स्कूली छात्राएं बीमार पड़ गईं जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह घटना गुरुवार को घटी।
छात्राओं का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उनकी तबीयत बिगड़ने की वजह तेज़ गर्मी और धूप को बताया। मार्च के दौरान स्कूली छात्राओं को चक्कर आने की शिकायत हुई जबकि कुछ छात्राएं स्टेडियम पहुंचने के बाद बेहोश हो गईं जहां रैली खत्म हुई थी। वहीं अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम में कई एम्बुलेंस भेजी गईं और प्रभावित छात्राओं को महर्षि देवराहा बाबा ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी विभाग में ले जाया गया।