Tuesday, 29 Sep 2026

'जो मंत्री विधानसभा व बूथ हारे हैं वह कमियों को दूर करें': योगी

लखनऊ (09 जून 24)। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट मंत्रियों को ‘संवाद, समन्वय और संवेदनशीलता' का मंत्र देकर एक बार फिर से जनता के बीच जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘सरकार जनता के लिए है, हमारे लिए जनहित सर्वोपरि है, ऐसे में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं का समाधान, अपेक्षाओं और आवश्यकताओं पूरा किया जाना चाहिए।' सीएम ने प्रदेश में होने वाले उपचुनाव के लिए तीन वरिष्ठ मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। सीएम ने कहा कि बूथ और अपनी विधानसभा हारने वाले मंत्री और विधायक कमियां दूर करें।

सीएम योगी ने उपचुनाव को लेकर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को जिम्मेदारी सौंपी है। सीएम ने इन तीनों मंत्रियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो विधायक व मंत्री अपनी विधानसभा व बूथ हारे हैं वह कमियों को दूर करें। योगी ने कहा, मंत्री क्षेत्र में जाएं, संवेदनशीलता के साथ जनता से संवाद करें और स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए समस्याओं का समाधान कराएं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!