Wednesday, 07 Oct 2026

'जय शाह के नाम पर पर विधायकों से करोड़ों की ठगी के प्रयास'

रुद्रपुर (19 फरवरी 25)। उत्तराखंड में भाजपा के 12 विधायकों से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह के नाम पर करोड़ों की रंगदारी मांगने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने विधायकों से मंत्री बनाने का झांसा देकर करोड़ों की डिमांड की थी। ये दोनों आरोपी उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए हैं, और मामले में एक अन्य आरोपी फरार चल रहा है। यह मामला तब सामने आया जब 13 फरवरी को रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा जय शाह बताया और विधायक से 3 करोड़ रुपये की मांग की, यह कहकर कि उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। कॉल करने वाले ने यह भी कहा कि इस धनराशि को पार्टी फंड में जमा किया जाएगा। इस तरह की रंगदारी की कॉल भी भीमताल विधायक सरिता आर्या और रानीपुर विधायक आदेश चौहान को मिली थी।

रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा के सहयोगी अभिषेक मिश्रा ने इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इस दौरान पुलिस को पता चला कि कॉल करने वाले शातिर अपराधियों ने विधायकों से पैसे ऐंठने के लिए उन्हें झांसा दिया था। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। यूएस नगर पुलिस और हरिद्वार पुलिस ने संयुक्त रूप से इस मामले में तेजी से जांच की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी यूपी के एटा जिले के रहने वाले उवैश अहमद और दिल्ली के मयूर विहार फेस-3 निवासी प्रियांशु पंत हैं। इन दोनों पर भाजपा विधायकों से रंगदारी मांगने का आरोप है। हालांकि, इस गिरोह में शामिल एक अन्य आरोपी गौरव नाथ अभी भी फरार है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!