लखनऊ (13 अगस्त 24)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न पदों पर चयनित 1,036 अभ्यर्थियों को आज लखनऊ में नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पूरी निष्पक्षता से चयन किया है। अब बिना किसी सिफारिश के नियुक्ति पत्र मिल रहा है। यह वही प्रदेश है जहां पहले दंगे होते थे। युवाओं के सामने पहचान का संकट था। सीएम योगी ने सपा-कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह संकट पैदा करने वाले लोग वहीं है जो आपको बहकाने के लिए आए थे। यही खटाखट है। अब वो गायब हो गए हैं, जब सीजन आएगा तो यह फिर से आ जाएंगे।
सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परोक्ष रुप से निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव खत्म होते ही 8500 रुपये हर महीने भेजने का वादा करने वाले पिकनिक पर चले गए हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान अप्रैल-मई के महीने में आपने खटाखट स्कीम के बारे में सुना होगा। लोगों से एक-एक लाख रुपये के बॉन्ड भरवाए गए थे। हर महीने 8500 रुपये भेजने का वादा किया गया था, लेकिन खटाखट स्कीम वालों का देश में अता-पता नहीं है। खटाखट वाले लोग चुनाव खत्म होते ही फिर से पिकनिक मनाने के लिए निकल गए हैं। जब चुनाव का मौसम आएगा तो खटाखट वाले लोग समाज को विभाजित करने और अराजकता फैलाने के लिए फिर आ जाएंगे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि डबल इंजन सरकार में अगर किसी ने प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया तो वह ऐसी सजा देंगे, जो देश और दुनिया के सामने नजीर बनेगी। जिन लोगों के पास कोई कार्य नहीं है, वह अफवाह फैलाकर युवाओं को गुमराह कर रहे हैं।