डोडा (15 सितंबर 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोडा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं आपके इस प्यार और आशीर्वाद का बदला आपके और देश के लिए दोगुनी-तिगुनी मेहनत करके चुकाऊंगा। हम सब मिलकर एक सुरक्षित और समृद्ध जम्मू-कश्मीर का निर्माण करेंगे और यह मोदी की गारंटी है।' पीएम मोदी ने विपक्षी दलों को लेकर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव तीन परिवारों और जम्मू-कश्मीर के युवाओं के बीच है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर को तीन खानदानों ने बर्बाद किया। जम्मू-कश्मीर में इस बार का विधानसभा चुनाव तीन परिवारों और जम्मू-कश्मीर के युवाओं के बीच है। एक परिवार कांग्रेस का है, एक परिवार नेशनल कॉन्फ्रेंस का है और एक परिवार पीडीपी का है। इन तीन परिवारों ने जम्मू-कश्मीर में आप लोगों के साथ जो किया है, वह किसी पाप से कम नहीं है। इस बार जम्मू-कश्मीर के चुनाव जम्मू-कश्मीर के भाग्य का फैसला करने वाले हैं।' प्रधानमंत्री ने कहा, 'आजादी के बाद से ही हमारे प्यारे जम्मू-कश्मीर को विदेशी ताकतों ने निशाना बनाया। इसके बाद परिवारवाद ने इस खूबसूरत राज्य को खोखला करना शुरू कर दिया। आप यहां जिन राजनीतिक दलों पर भरोसा करते थे, उन्होंने आपके बच्चों की परवाह नहीं की। उन राजनीतिक दलों ने केवल अपने बच्चों को आगे बढ़ाया। जम्मू-कश्मीर के युवा आतंकवाद से पीड़ित रहे हैं और परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली पार्टियां आपको गुमराह करके मौज-मस्ती कर रही हैं। इन लोगों ने जम्मू-कश्मीर में कभी भी नए नेताओं को उभरने नहीं दिया। आप यह भी जानते हैं कि 2000 के बाद यहां पंचायत चुनाव नहीं हुए।' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, '...हम जम्मू-कश्मीर के दूरदराज के हिस्सों को रेल से जोड़ रहे हैं। रामबन जिले, डोडा किश्तवाड़ और कश्मीर घाटी के लोग ट्रेन से सीधे दिल्ली पहुंच सकते हैं, हम आपका यह सपना पूरा करेंगे। बहुत जल्द दिल्ली से श्रीनगर वाया रामबन जाने वाली रेलवे लाइन का काम पूरा हो जाएगा। स्टेशन बनकर तैयार है और ट्रायल भी शुरू हो गया है। बहुत जल्द यह हिस्सा भी पूरे देश से रेल से जुड़ जाएगा। गरीब से गरीब परिवारों को बेहतर शिक्षा और बेहतर इलाज मुहैया कराना हमारा संकल्प है।'