Wednesday, 30 Sep 2026

'इंडिया' गठबंधन ने राम मंदिर आंदोलन को हराया : राहुल गांधी

नईदिल्ली (07 जुलाई 24)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि ‘इंडिया' गठबंधन ने अयोध्या में भाजपा को हराकर राम मंदिर आंदोलन को पराजित कर दिया है जिसे लालकृष्ण आडवाणी ने शुरू किया था। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले चुनाव में भाजपा का गुजरात में भी यही हश्र होगा। गांधी ने कहा कि कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चुनौती दी गई है और धमकी दी गई है, लेकिन वह गुजरात में भाजपा और नरेन्द्र मोदी को उसी तरह हराएगी, जिस तरह उन्हें अयोध्या में हराया गया। गांधी यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

कुछ दिन पहले ही कांग्रेस और भाजपा के बीच गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) कार्यालय के बाहर झड़प हुई थी, जब भाजपा के कार्यकर्ता हिंदुओं पर उनकी (गांधी की) टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन करने वहां गए थे। गांधी ने कहा, ‘उन्होंने (भाजपा) हमें धमकाकर और हमारे कार्यालय को नुकसान पहुंचाकर हमें चुनौती दी है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि हम सब मिलकर उनकी सरकार को उसी तरह तोड़ देंगे जैसे उन्होंने हमारे कार्यालय को नुकसान पहुंचाया है। यह लिखकर ले लीजिए कि कांग्रेस गुजरात में चुनाव लड़ेगी और नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा को गुजरात में हराएगी, जैसा हमने अयोध्या में किया था।'

उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुजरात में जीतेगी और इस राज्य से वह एक नयी शुरुआत करेगी। गांधी ने उत्तर प्रदेश की फैजाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा की हार को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। अयोध्या फैजाबाद में ही स्थित है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘अयोध्या में भाजपा को हराकर, इंडिया गठबंधन ने राम मंदिर आंदोलन को हरा दिया है, जिसे भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने शुरू किया था। मैं जो कह रहा हूं वह बहुत बड़ी बात है...कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन ने उन्हें अयोध्या में हराया।'' उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुजरात में भाजपा को हराएगी क्योंकि ‘‘मोदी के विजन का गुब्बारा फूट चुका है।'

उन्होंने सवाल किया, ‘संसद में मैंने प्रधानमंत्री से पूछा कि क्या वह मनुष्य हैं, क्योंकि उन्होंने खुद कहा था कि वह ‘नॉन बायोलॉजिकल' हैं और उनका भगवान से सीधा संबंध है। अगर आप सीधे भगवान से जुड़े हैं, तो अयोध्या में आप कैसे हार गए?' कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘प्रधानमंत्री का मानना ​​है कि बाकी सभी लोग जैविक हैं- गुजरात के लोग, गांधीजी, भारत के किसान और मजदूर जैविक हैं, जबकि नरेंद्र मोदी अजैविक हैं...जो व्यक्ति सोचता है कि वह अजैविक है और देश के लोग जैविक हैं, वह गुजरात के लोगों को कैसे दर्शन दे सकता है, जब वह मजदूरों और हीरा उद्योग में काम करने वालों का दर्द नहीं समझ सकता?'

Tags:

Follow us

This question is not available..!